Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
वन और पर्यावरण

"असानी" ने फिर बदला रास्ता, आंध्र में भारी बारिश की चेतावनी, ओडिशा के 5 जिलों में हाई अलर्ट

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
"असानी" ने फिर बदला रास्ता, आंध्र में भारी बारिश की चेतावनी, ओडिशा के 5 जिलों में हाई अलर्ट
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि भीषण चक्रवात असानी बुधवार को एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होते हुए उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ गया और इस दौरान क्षेत्र में 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। IMD के मुताबिक, चक्रवात "असानी" के गुरुवार तक और कमजोर पड़ने और एक निम्न दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपने राष्ट्रीय बुलेटिन में बताया, असानी के अगले कुछ घंटों में उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। बुधवार को दोपहर से शाम के बीच इसके एक बार फिर जोर पकड़ने और नरसापुर, यानम, काकीनाड़ा, तुनी तथा विशाखापत्तनम तटों के साथ उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर धीरे-धीरे बढ़ने और रात में उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में समा जाने की संभावना है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि असानी चक्रवात पूर्व की तरफ बढ़ गया है। फिलहाल यह आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम के पूर्व में है। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में अत्यधिक वर्षा होगी। इलके लिए रेल अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि कल यानी गुरुवार को यहां अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होगी। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जेनामणि ने बताया कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, ओडिशा सरकार ने पांच दक्षिणी जिलों मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, गंजाम और गजपति में हाई अलर्ट की घोषणा की है। इन इलाकों में चक्रवात का असर दिखने की आशंका है, जो ओडिशा से लगभग 200 किलोमीटर दूर काकीनाडा और विशाखापत्तनम के बीच पहुंच सकता है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, कालाहांडी, गंजाम, गजपति, कंधमाल, नयागढ़, खुर्दा, पुरी, कटक और भुवनेश्वर में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान है। विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने बताया कि राज्य में उत्पन्न होती स्थिति के मद्देनजर ओडिशा आपदा त्वरित कार्य बल (ओडीआरएएफ) की 60 इकाइयों और दमकल कर्मियों के 132 दलों को तैनात किया गया है। NDRF ने 50 दलों का किया गठन : राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने प्रभावित क्षेत्रों में बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम देने के लिए कुल 50 दलों का गठन किया है। एनडीआरएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि 50 में से 22 दलों को पश्विम बंगाल, ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश में जमीनी स्तर पर तैनात किया गया है, जबकि अन्य 28 दलों को इन्हीं राज्यों में तैयार रहने को कहा गया है। इस बीच, कोलकाता में मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चक्रवात से पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बंगाल में भारी बारिश की संभावना : विभाग ने कहा, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र पूर्व तथा पश्चिम मेदिनीपुर, उत्तर तथा दक्षिण 24 परगना और नादिया जिलों में गुरुवार सुबह तक एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, कोलकाता में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 44.8 मिमी बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे सटी उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में समुद्र में बुधवार शाम तक काफी हलचल रहने और उसके बाद बृहस्पतिवार को उसी क्षेत्र में स्थिति बेहद खराब रहने का पूर्वानुमान है। मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक क्षेत्र से दूर रहने को कहा गया है। उसने कहा कि इस तूफान से आंध्र प्रदेश के कृष्णा के निचले इलाकों, पूर्वी तथा पश्चिम गोदावरी जिलों और पुडुचेरी के यानम में बाढ़ आ सकती है। आईएमडी चक्रवाती तूफान पर नजर बनाए हुए है और सात मई से अभी तक 30 राष्ट्रीय बुलेटिन जारी कर चुका है, ताकि स्थानीय प्रशासन को तूफान के बारे में जानकारी और उससे निपटने के सुझाव दे पाए।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 42,785