एबीएन सेंट्रल डेस्क। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर पश्चिमी भारत के लिए येल्लो अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित भारत के अधिकांश राज्यों में "लू" के अब खत्म होने के आसार है। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान और विदर्भ में लू की स्थिति फिलहाल बने रहने की संभावना है, लेकिन चिलचिलाती गर्मी का प्रभाव कुछ समय के लिए कम हो जाएगा। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने बताया कि ओडिशा और बंगाल में "लू" की लहर 30 अप्रैल को ही खत्म हो गई, जैसा कि भविष्यवाणी की गई थी। वहीं, अगले दो से तीन दिनों में यहां तेज हवाओं के चलने का दौरा शुरू होगा। पश्चिमी विक्षोभ होने की वजह से मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिमी भारत को येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 3 मई को बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ रात मिलेगी। आईएमडी के विश्लेषण के मुताबिक, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में येलो अलर्ट है। कल (मंगलवार) तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होने की भी पूरी संभावना है।
मई में अच्छा रहेगा मौसम : जेनामणी ने आगे बताया कि पश्चिमी विक्षोभ काफी एक्टिव है। हवा का रुख दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में देखा जा सकता है। वहीं, अगले 6 से 7 दिनों के दौरान पूर्वी हवाएं भी तेज रहेंगी, जिससे तापमान में वृद्धि नहीं होगी। IMD ने बताया कि पिछले दिनों पड़ी भीषण गर्मी के बाद यह बड़ी राहत की बात है। 7 मई तक हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद क्या स्थिति रहेगी, इसकी जानकारी तापमान के विश्लेषण के बाद ही दी जा सकेगी। लेकिन अभी मई में स्थिति अच्छी रहने की संभावना है।