टीम एबीएन, रांची। इस बार के विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम हमारा गृह हमारा स्वास्थ्य है। यह संदेश देता है कि हमें स्वस्थ्य रहना है तो अपने पर्यावरण को भी स्वस्थ्य रखना होगा। हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो हम भी स्वस्थ्य रहेंगे। ये बातें विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मेदांता अस्पताल रांची के इंटरनल मेडिसिन के डॉ नीलाभ सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बहुत सी बीमारियां इसलिए हो रहीं हैं कि ग्लोबल वार्मिंग बढ़ गयी है, प्रदूषण बढ़ा है। ग्लोबल वार्मिंग से गर्मी बढ़ी है जिससे लू लगने से लेकर त्वचा से संबंधित बीमारियां तक हो रही हैं। इसके कारण ही अब अप्रैल में ही भीषण गर्मी होने लगी है।
प्रदूषण बढ़ने से सांस एवं छाती से जुड़ी बीमारियां, पेट से जुड़ी बीमारियां काफी बढ़ी हैं। हम नदियों को प्रदूषित करते हैं और उसका पानी किसी न किसी रूप में मनुष्य फिर से इस्तेमाल करता है, जिससे बीमारियां हो रही है। इसके साथ ही हमारी जीवनशैली में आए बदलाव से डायबिटीज और हाइपर टेंशन जैसी बीमारी खूब हो रही हैं। कोरोना में भी वैसे लोगों की मौत ज्यादा हुई है जो सांस से जुड़ी बीमारियों, डायबिटीज आदि किसी बीमारी से ग्रसित थे।
इस मौसम में लू से बचाव जरूरी : डॉ नीलाभ सिंह कहते हैं कि इन दिनों गर्मी और लू तेजी से बढ़ी है। लू लगने से मौत तक हो सकती है। ऐसे में इससे बचना जरूरी है। बचने के लिए पानी भरपूर मात्रा में पीयें। अनावश्यक रूप से धूप में न निकले। अगर लू लगने के बाद थकान जैसा महसूस होता है तो मेहनत वाला कोई काम नहीं करें और ठंडी जगह पर आराम करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से राहत मिलेगी। तबियत खराब लगे तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।
अपने स्वास्थ्य को नजरंदाज न करें : डॉ नीलाभ सिंह कहते हैं कि विश्व स्वास्थ्य दिवस हमें संदेश देता है कि हम अपने स्वास्थ्य को नजरंदाज नहीं करें। बीमारी होने पर बेहतर अस्पताल में इलाज करवाएं, इलाज में देरी न करें। समय पर इलाज से बीमारी जल्दी ठीक होती है। स्वास्थ्य के लिए अच्छी जीवनशैली अपनाएं। संतुलित आहार लें। अपने पर्यावरण को भी बचाने का प्रयास करें क्योंकि यह बचेगा तभी हम बचेंगे।
मेदांता अस्पताल रांची में मिल रही है विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं : डॉ नीलाभ सिंह ने कहा कि आज मेदांता अस्पताल रांची में विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां नवीनतम तकनीक से बेहतरीन चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जाता है। अस्पताल में पूरे झारखंड से मरीज बेहतर इलाज के लिए आते हैं। यह बताता है कि मेदांता अस्पताल रांची पर मरीजों कि विश्वास काफी ज्यादा है।