टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम लगातार गर्म हो रहा है। तेज धूप होने से लोगों को गर्मी ने सताना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार आने वाले 5 दिनों में रांची और झारखंड का मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बुलेटिन जारी कर बताया कि 24 मार्च से 28 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले 3-4 दिनों के दौरान दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार झारखंड के कई जिलों में सुबह आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं राज्य में अगले दो से तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। उच्चतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान बोकारो थर्मल में 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा झारखंड के अन्य शहरों में तापमान कुछ इस प्रकार रहा। रांची में अधिकतम तापमान 35.8, जमशेदपुर में 39.0, डाल्टनगंज 39.2, बोकारो 38.1, चाईबासा में 38.4, देवघर में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो रांची में 18.4, जमशेदपुर में 20.7, डाल्टनगंज 18.3 बोकारो में 17.1, चाईबासा में 22.2 और देवघर में 18.3 रिकॉर्ड किया गया है।