टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में मौसम ने अब धीरे-धीरे अपना रुख बदलना शुरू कर दिया है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को अब गर्मी का एहसास होने लगा है। 15 मार्च तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया है। होली के दिन मौसम की बात करें तो 18 मार्च को मौसम साफ रहेगा। वहीं, 19 मार्च को आसमान में कहीं-कहीं पर आंशिक बादल छाए रहेंगे। पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा। उच्चतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में रिकॉर्ड किया है, जबकि न्यूनतम तापमान गढ़वा में 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में अगले दो-तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 2020 में कोरोना वायरस के कारण हुए लॉकडाउन के कारण मौसम काफी अच्छा देखने को मिला था। अधिकतम जगह तापमान नॉर्मल देखने को मिला था। झारखंड के मौसम वैज्ञानिक ने फिलहाल तापमान में बढ़ोतरी और बदलाव को ग्रीन हाउस इफेक्ट को माना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 7 वर्षों में 15 मार्च तक राजधानी रांची का अधिकतम तापमान कई बार 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर गया है, इससे मौसम के बदलाव को समझा जा सकता है। उन्होंने बताया कि 2016 में 15 मार्च तक 2 बार 34 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, 2017 में एक बार, 2018 में दो बार, 2019 में एक बार, जबकि 2020 में मौसम बिल्कुल सामान्य था। 2021 में 5 बार 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान रिकॉर्ड किया गया, वहीं, 2022 में 15 मार्च तक सिर्फ एक बार 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी जो तापमान में बढ़ोतरी हुई है वह सामान्य है। बीच में कई बार बारिश के कारण तापमान में गिरावट भी आई है।