लोहरदगा के कांग्रेस सांसद ने भाजपा पर बोला हमला
एक तरफ एक पेड़ मां के नाम का नारा, दूसरी तरफ मां की गोद जैसी धरती को उजाड़ा जा रहा है - क्या यही है भाजपा का पर्यावरण प्रेम?
एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रस्तावित फिल्म सिटी के नाम पर हजारों हरे-भरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई को लेकर लोहरदगा लोकसभा के सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर करारा प्रहार किया है। सांसद श्री भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फिल्म सिटी बनाने के नाम पर पेड़ों की कटाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
उन्होंने भाजपा के दोहरे चरित्र को उजागर करते हुए कहा भाजपा का दोहरा चरित्र देखिये? एक तरफ बड़े-बड़े मंचों से एक पेड़ मां के नाम का नारा दिया जाता है, दूसरी तरफ फिल्म सिटी के नाम पर मां की गोद जैसी धरती को उजाड़ा जा रहा है। क्या भाजपा का पर्यावरण प्रेम सिर्फ भाषणों और तस्वीरों तक सीमित है?
एक पेड़ मां के नामया फिर हजारों पेड़ सत्ता के नाम?
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि जब पेड़ काटे जा रहे हों, जंगल उजाड़े जा रहे हों और अपनी जमीन-जंगल बचाने के लिए आवाज उठाने वाले ग्रामीणों को ही हिरासत में लिया जा रहा हो, तब यह साफ हो जाता है कि भाजपा का पर्यावरण वाला नारा केवल एक राजनीतिक जुमला है।
उन्होंने कहा विकास के नाम पर विनाश और विरोध करने वालों पर कार्रवाई, यही है भाजपा का कथित पर्यावरण प्रेम? श्री भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पर्यावरण और आदिवासियों के हक की लड़ाई में ग्रामीणों के साथ खड़ी है और इस विनाशकारी फैसले का पुरजोर विरोध करती है।