सुनैना ने दो मादा और एक नर शावक को दिया जन्म
19 अक्टूबर तक व्हाट्सऐप पर भेज सकेंगे नाम; विजेताओं को मिलेगा नि:शुल्क प्रवेश पास
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बाघिन सुनैना ने 23 सितंबर की सुबह तीन शावकों को जन्म दिया। इनमें दो मादा और एक नर शावक है। चिड़ियाघर प्रबंधन ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए लोगों से तीनों शावकों के नाम सुझाने की अपील की है। शावकों के पिता रुद्र को नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से लाया गया था।
चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार, शुरूआती देखभाल और निगरानी के बाद शावकों के जन्म की जानकारी सार्वजनिक की गई है। पहली बार मां बनी सुनैना से अनजाने में एक मादा शावक को चोट लग गई थी। पशु चिकित्सकों ने तत्काल उपचार कर घाव पर टांके लगाए। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।
उसका वजन करीब 1.8 किलोग्राम है और वह खतरे से बाहर है। नर शावक का वजन 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा का वजन 2.53 किलोग्राम है। तीनों शावकों की सेहत पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। उनकी गतिविधियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से भी की जा रही है।
19 अक्टूबर तक भेजें नाम
चिड़ियाघर प्रबंधन ने लोगों से तीनों शावकों के लिए अलग-अलग नाम सुझाने को कहा है। सुझाव व्हाट्सऐप या संदेश के माध्यम से 9438291637 पर भेजे जा सकते हैं। नाम भेजने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर है।
चिड़ियाघर की टीम तीन सर्वश्रेष्ठ सुझावों का चयन करेगी। विजेताओं को नि:शुल्क प्रवेश पास और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लोगों को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना और चिड़ियाघर के नए सदस्यों के साथ उनका जुड़ाव बढ़ाना है।