- सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान - वर्ष 2026 के छठे चरण में 253 पौधौं का वितरण एवं रोपण
टीम एबीएन, रांची। आज दि.06.09.2026 (दिन - रविवार) को श्री सर्वेश्वरी समूह - शाखा राँची के द्वारा "सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान - वर्ष - 2026" के छठे चरण का आयोजन हेहल बगीचा टोली - जतरा मैदान, राँची में किया गया। कार्यक्रम में आम, अमरूद, मोहगनी, आँवला, जामुन, कटहल, सागवान इत्यादि के 253 पौधों का वितरण एवं रोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुवात में स्थानीय ग्राम देवी के मन्दिर में आरती-पूजन कर दीप दान किया गया। साथ ही मन्दिर के साफ-सफाई के लिये झाडु भी दिया गया।
उसके उपरान्त हेहल बगीचा टोली - जतरा मैदान में उपस्थित ग्रामीण बंधुओं एवं अचीवर्स क्रिकेट अकादमी के बच्चों के बीच एक लघु गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें श्री सर्वेश्वरी समूह का संक्षिप्त परिचय देते हुए समूह द्वारा किये जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में भी ग्रामीण बंधुओं को अवगत कराया गया। साथ ही वृक्षों के कमी से हो रहे दुष्परिणामों के बारे में अवगत करते हुए वृक्षों के बचाव के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। गोष्ठी के बाद ग्रामीण बंधुओं एवं बच्चों के बीच लगभग 253 पौधों का वितरण किया गया। उसके उपरान्त जतरा मैदान में छः पौधों का रोपण किया गया।
ज्ञात हो श्री सर्वेश्वरी समूह एक विश्व स्तरीय सामाजिक एवं धार्मिक संस्था है जो अनेक जनकल्याण के कार्यक्रम लगातार करती रहती है। जनसेवा के लिए श्री सर्वेश्वरी समूह का नाम गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।
सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान वर्ष - 2026 के अन्तर्गत कुल छः शिविरों तक लगभग 1700 पौधों का वितरण एवं रोपण किया जा चुका है। कार्यक्रम के कुशल आयोजन में श्री सुनील साहू जी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में वार्ड 34 के पार्षद श्री अजीत कच्छप भी उपस्थित रहे एवं सराहनीय योगदान प्रदान किया। उन्होंने जतरा मैदान में रोपण किए गए पौधों के सुरक्षा के लिए लोहे के जाली भी लगवाए।
श्री सर्वेश्वरी समूह - शाखा राँची से श्री हेमन्त नाथ शाहदेव, श्री नवल किशोर सिंह, श्री सुनील सिंह, श्री प्रताप आदित्य नाथ शाहदेव, श्री पवन कुमार, श्री राधा मोहन मिश्रा, श्री उमाशंकर नन्द, श्री संजीव सिंह, श्री राजेन्द्र कुमार, श्री उपेंद्र नाथ शाहदेव, श्री उदित सिंह के साथ लगभग 20 श्रद्धालु-सदस्यगण शामिल हुए।