- झारखंड में अब तक सामान्य से 27% कम हुई मानसूनी बारिश
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में इस वर्ष मानसून के कमजोर पड़ जाने का असर राज्य की खेती बाड़ी पर पड़ा है। राज्य के कुल 24 जिलों में से महज 07 जिले ही ऐसे हैं, जहां का वर्षापात सामान्य हुआ है। जबकि 17 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है, उसमें भी गढ़वा, चतरा, पाकुड़, देवघर और कोडरमा ऐसे पांच जिले हैं, जहां मानसून की बारिश अब तक सामान्य से आधी भी नहीं हुई है।
राज्य के कई जिलों में कम हुई मानसूनी बारिश का असर खेतीबाड़ी पर पड़ा है। राज्य में इस वर्ष धान की खेती के लिए निर्धारित लक्ष्य 18 लाख 01 हजार 400 में से सिर्फ 04 लाख 11 हजार 972 हेक्टेयर में ही धनरोपनी हो सकी है, जो लक्ष्य का 22.87% है। रांची में धनरोपनी सिर्फ 28.57% हुई है।
कृषि पदाधिकारी, रांची रामशंकर प्रसाद सिंह ने बताया कि हाल ही में हुई अच्छी बारिश से धान समेत दूसरी खरीफ फसलों का आच्छादन की स्थिति में सुधार हुआ है और आने वाले दिनों में इसमें और तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि धान की बुआई की रफ़्तार को देखते हुए रांची में पूरी रिपोर्ट 50% तक पहुंच जाएगी।
राज्य कृषि निदेशालय की 24 जुलाई, 2026 तक की जिलेवार कवरेज रिपोर्ट के अनुसार, ज्यादातर जिलों में धान की रोपाई तेजी से हो रही है। इसके साथ ही, मक्का, रागी, अरहर, उड़द, मूंग और तिलहल में मूंगफली, तिल फसलों की बुवाई भी लगातार बढ़ रही है।