- CJP के प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन चौथे दिन भी बंद
एबीएन सेंट्रल डेस्क (नई दिल्ली)।डीएमआरसी के अनुसार, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन स्टेशनों से प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी
नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से शनिवार को दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद रहे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि प्रभावित स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
प्रदर्शन में शामिल लोग NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के जुटने के कारण जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली स्टेशन शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एहतियात के तौर पर इन मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।