- झारखंड में मौसम बदलने के बाद भी क्यों लग रही है ज्यादा गर्मी ? डाल्टनगंज में पारा चरम पर
टीम एबीएन, रांची । झारखंड में गर्मी अब सिर्फ तापमान से नहीं, बल्कि बढ़ती आर्द्रता यानी ह्यूमिडिटी से और ज्यादा परेशान कर रही है। मौसम केंद्र, रांची के ताजा आंकड़ों के मुताबिक राज्य के कई जिलों में नमी का स्तर काफी ऊंचा दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को चिपचिपी और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
बोकारो और जमशेदपुर में हाल बेहाल
सबसे ज्यादा असर बोकारो और जमशेदपुर में देखने को मिल रहा है। बोकारो में अधिकतम आर्द्रता 92% और जमशेदपुर में 91% तक पहुंच गई है। इतनी ज्यादा नमी के कारण यहां तापमान भले ही कुछ जगहों से कम हो, लेकिन लोगों को असल में ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है।
नहीं सूख रहा पसीना
ज्यादा ह्यूमिडिटी की वजह से पसीना सूख नहीं रहा और उमस लगातार बेचैनी बढ़ा रही है। वहीं, चाईबासा में भी आर्द्रता 66% दर्ज की गई है, जिससे यहां भी गर्मी का असर सामान्य से ज्यादा महसूस हो रहा है।
राजधानी रांची में 57% और डाल्टनगंज में करीब 59% आर्द्रता दर्ज की गई है, जिससे यहां भी हल्की से मध्यम उमस बनी हुई है।
इन जिलों में ज्यादा गर्मी से लोग बेहाल
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
सबसे ज्यादा तापमान पलामू के डाल्टनगंज में 44.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा चाईबासा में 42.4 डिग्री और रांची में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। गुमला में भी पारा 40.4 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह साफ है कि दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई इलाके हीट वेव जैसी स्थिति झेल रहे हैं।
इन जिलों में सामान्य से ज्यादा तापमान
रिपोर्ट के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा, जबकि डाल्टनगंज में 4.0 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। चाईबासा में भी तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री ऊपर रहा, जो गर्मी की तीव्रता को दर्शाता है।
हालांकि जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। वहीं बोकारो में भी 35.1 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।