नया साल आते ही झारखंड में बढ़ी ठंड, सावधान हो जायें लोग... मुश्किल में गुजरने वाला है जनवरी का महीना
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में नये साल की शुरुआत के साथ ही ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के पूवार्नुमान के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जायेगी। खासकर मध्य झारखंड के जिले सबसे ज्यादा ठंडे रहने की संभावना है।
अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा
गुमला में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। राजधानी रांची और हजारीबाग में भी न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में रातें और सर्द हो सकती हैं, जहां पारा 6 डिग्री तक गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध देखने को मिल रहा है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में सुबह विजिबिलिटी प्रभावित रह सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप खिलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 3 और 4 जनवरी को उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी झारखंड के जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गयी है।