झारखंड में ठंड ने ढाया सितम! 9 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, गुमला में 4 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है और राज्य के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार बोकारो, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़ और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।
बुलेटिन के मुताबिक, गुमला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो राज्य में सबसे कम है। इसके बाद डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हजारीबाग और लोहरदगा में समान रूप से 7.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चाईबासा में यह 11.6 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची एयरपोर्ट से जाने वाली कई उड़ानें रद्द
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने तथा विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है। घने कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी साफ नजर आया।
रांची एयरपोर्ट से जाने वाली कई उड़ानों को रद करना पड़ा, जबकि पुणे, मुंबई, हैदराबाद और पटना से आने वाली कई फ्लाइटें तय समय से काफी देर से पहुंचीं। इसके अलावा कई ट्रेनें भी निर्धारित समय से विलंब से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।