- तीन महीने बाद पर्यटकों के लिए खोला गया बेतला नेशनल पार्क
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। तीन महीने के बाद झारखंड के पलामू टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले बेतला नेशनल पार्क को पर्यटन गतिविधि के लिए खोल दिया गया है। गाइडलाइन के अनुसार से 1 जुलाई से 30 सितंबर तक पलामू टाइगर रिजर्व के इलाके में पर्यटन गतिविधि पर रोक लगा दी जाती है।
नवरात्र को देखते हुए बेतला नेशनल पार्क और पलामू टाइगर रिजर्व में पर्यटन गतिविधि की शुरुआत 27 सितंबर से होने वाली थी, लेकिन पलामू टाइगर रिजर्व के इलाके में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही थी। इस कारण पार्क और पलामू टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले कई सड़कें टूट गई हैं, जबकि जलाशयों में पानी भरा हुआ है।
इस संबंध में पलामू टाइगर रिजर्व के उप निदेशक प्रजेशकांत जेना ने बताया कि बारिश के कारण कई सड़कें टूट गई हैं। इलाके में निगरानी रखी जा रही है। सड़कों की मरम्मत करायी जा रही है। पर्यटकों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है। पर्यटकों को इस बार थोड़ा इंतजार करना पड़ा है।
दरअसल, पलामू टाइगर रिजर्व 1149 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और बेतला नेशनल पार्क पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र है। ठंड के दौरान 45,000 से भी अधिक पर्यटक यहां घूमने के लिए पहुंचते हैं।