झारखंड में कब दस्तक देगा मानसून
करना होगा थोड़ा और इंतजार
एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। केरल में मानसून के दस्तक देने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि इससे झारखंड में भी जल्द ही मौसम सुहावना हो जाएगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। क्योंकि बिहार के चौखट पर अभी तक मानसून ने दस्तक नहीं दी है, ऐसे में झारखंड में इसके आने में थोड़ी देरी हो सकती है और लोगों को कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।
रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 24 मई केरल में मानसून ने दस्तक दी। ऐसे में उम्मीद थी कि 5 से 6 जून तक झारखंड में भी दस्तक देगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो। लेकिन, बंगाल की खाड़ी में बने सिनॉप्टिक फीचर और मानसून के स्थिर होने के कारण अब थोड़ा लेट होगा।
लो प्रेशर एरिया बनने से बिगड़ा सारा खेल
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि नॉर्थ वेस्ट बंगाल की तरफ लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। इस लो प्रेशर एरिये की वजह से यह मानसून की हवा को कमजोर कर देता है। ऐसे में फिलहाल बारिश की संभावना नजर नहीं आ रही है। यह प्रेशर अगर आगे चलकर और प्रबल हुआ तो मानसून की नमी को कमजोर कर देगा।
इसलिए फिलहाल मानसून आने में थोड़ा समय लगेगा। क्योंकि, झारखंड में मानसून बंगाल और बिहार को टच करते हुए ही आता है। इन दोनों जिलों में दस्तक देने के बाद ही झारखंड की तरफ रुख करता है। लेकिन अभी तक इन दोनों जगह मानसून नहीं आया है।
दरअसल, केरल में एक हफ्ते पहले मानसून आने से ऐसा अनुमान था कि इस बार मानसून पहले आयेगा। लेकिन इस तरह का सिनॉप्टिक फीचर बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर और केरल में मानसून का थोड़ा स्थिर होना, मानसून के लेट होने का कारण है।
जून के अंतिम हफ्ते तक करें इंतजार
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि केरल में मानसून पहुंचने और स्थिर रहने के कारण झारखंड में इसके पहुंचने में कुछ विलंब हो सकता है ऐसे में पहले जो अनुमान था कि जून के फर्स्ट वीक में मानसून आएगा अब ऐसा नहीं होगा बल्कि लेट होगा।
ऐसे में लोगों को जून के लास्ट वीक का इंतजार करना होगा. लास्ट वीक तक निश्चित तौर पर मानसून झारखंड में दस्तक दे देगी और इस बार जरूरत से अधिक बारिश होगी। इस बार 108 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है।