टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 2 जिलों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। कहा है कि इन दोनों जिलों में गरज के साथ वज्रपात और वर्षा होगी। साथ ही ओलावृष्टि भी होने वाली है। इन दोनों जिलों में अगले 2 से 3 घंटे में तेज हवाएं भी चलेंगी।
हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान मौसम केंद्र रांची ने जताया है। मौसम विभाग की ओर से गिरिडीह जिले के लिए जारी पहली चेतावनी के बाद से ही बारिश शुरू हो गयी। इसने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
20 मार्च 2025 को मौसम विभाग ने अपने तात्कालिक मौसम चेतावनी में कहा है कि हजारीबाग और गिरिडीह जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात, वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है। इसलिए लोगों को बहुत सावधान रहने की जरूरत है।
रांची में सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रहीं हैं। इससे मौसम सुहाना हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है।