झारखंड के इन इलाकों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
टीम एबीएन, रांची। उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तटीय बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल में निम्न दवाब का क्षेत्र बना है। इस निम्न दबाव की वजह से राज्य में एक बार फिर कुछ दिनों से रुकी हुई बारिश की शुरुआत होने का अनुमान है।
रांची मौसम केंद्र के निदेशक और वरिष्ठ मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से झारखंड में कुछ दिनों से रुकी हुई बारिश की फिर से शुरुआत होने का अनुमान जरूर है।
मौसम केंद्र निदेशक ने बताया कि राज्य के पूर्वी भाग जिसमें संथाल और कोल्हान के जिले पड़ते हैं, उन इलाको में 05 और 06 अक्टूबर को आसमान में बादल छाने के साथ-साथ गर्जन वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केंद्र, रांची के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दवाब का क्षेत्र, झारखंड से दूर है लेकिन उससे झारखंड को नमी मिल रही है, इसी नमी के प्रभाव से राज्य में आसमान में बादल बनने की पूरी संभावना है।