बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा चक्रवात
टीम एबीएन, रांची। म्यांमार से एक चक्रवात तटीय बांग्लादेश और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। 2 दिन में पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में पहुंचने का अनुमान है। इस चक्रवात की वजह से झारखंड में 5 दिन तक बारिश होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी करते हुए यह जानकारी दी है।
मौसम केंद्र ने कहा है कि मानसून ट्रफ राजस्थान के बीकानेर, सीकर, होते हुए मध्यप्रदेश और उससे सटे पेंड्रा रोड, राउरकेला, दीघा के रास्ते आगे बढ़ रहा है, जो बंगाल की खाड़ी की ओर जाएगा। झारखंड में 5 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जारी किया है। कहा है कि 11 से 15 सितंबर तक झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी।
मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि 11 से 15 सितंबर के बीच झारखंड में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात एवं वर्षा होने की संभावना है। 13 सितंबर को झारखंड के उत्तरी-पूर्वी भागों यानी संताल परगना 6 जिलों (देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज) के साथ-साथ धनबाद और गिरिडीह जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।