- झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात की आशंका
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पलामू, गढ़वा समेत कई जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रांची, रामगढ़ एवं लातेहार समेत छह जिलों में कुछ ही घंटे में मौसम का मिजाज बदलेगा और गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में 18 जुलाई तक बारिश के आसार हैं। राज्य के उत्तर पश्चिमी (पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, कोडरमा) एवं निकटवर्ती मध्य भागों में शुक्रवार को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को राज्य के दक्षिणी (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां व सिमडेगा) एवं निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश हो सकती है।
गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। झारखंड में शुक्रवार को सभी जगहों पर बारिश की संभावना जतायी गयी है। अगले दो-तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे (2-3) डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों में इसमें कोई बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 18 जुलाई तक राज्य में बारिश के आसार हैं।