- झारखंड में और सतायेगी गर्मी, 20 जून तक राहत के आसार नहीं
टीम एबीएन, रांची। हीटवेव से झुलस रहे झारखंड के लोगों को 20 जून तक राहत के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र की ओर से गुरुवार शाम जारी बुलेटिन के मुताबिक 14 से लेकर 20 जून तक राज्य में सामान्य बारिश की उम्मीद नहीं है।
कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन पूरे हफ्ते राज्य के ज्यादातर इलाकों में हीटवेव का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया है कि इस सप्ताह के मध्य तक राज्य के विभिन्न शहरों में अधिकतम तापमान 38 से लेकर 46 डिग्री सेल्सियस के रेंज में रह सकता है।
21 से लेकर 27 जून तक के हफ्ते के लिए जारी पूवार्नुमान के अनुसार, राज्य के ज्यादातर इलाकों में सामान्य वर्षा होने की संभावना है। इसके बावजूद गर्मी से खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस दौरान कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक और कुछ इलाकों में सामान्य दर्ज किया जा सकता है। इसका रेंज 34 से 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।