राज्य में फिर हीट वेव की चेतावनी
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर हीट वेव का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने बाकायादा हीट वेव का अलर्ट भी जारी कर दिया है। बुधवार (15 मई) को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने इसकी चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि संताल परगना के जिन जिलों में उष्ण लहर यानी हीट ववे की स्थिति देखी जायेगी, उनमें झारखंड की उपराजधानी दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 18 मई से हीट वेव का दौर शुरू होगा। 19 अप्रैल को भी कोल्हान प्रमंडल के उपरोक्त 3 जिलों के साथ-साथ पलामू प्रमंडल के दो जिलों गढ़वा एवं पलामू में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना होगा।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में कहीं-कहीं गरज और आंधी के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे ज्यादा वर्षा जामताड़ा के फतेहपुर में हुई। यहां 19 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा बोरियो, कुंडहित, हजारीबाग और बेंगाबाद (गिरिडीह) में भी बारिश हुई।
बोकारो और पाकुड़ में तेज हवाएं चलीं। इस दौरान सबसे अधिक उच्चतम तापमान गोड्डा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में दर्ज किया गया। गोड्डा का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेंटीग्रेड रहा, जबकि रांची का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया।