टीम एबीएन, रांची। भीषण हीट वेव के बीच लोगों को जल्द ही राहत मिल सकती है। झारखंड मौसम विभाग ने कहा है कि पांच मई से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। पांच मई को संतालपरगना के इलाके में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। जबकि, छह मई को भी गोड्डा, दुमका के साथ-साथ देवघर, जामताड़ा, पाकुड़, धनबाद, बोकारो आदि इलाके में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
सात मई को 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार आठ और नौ मई को पूरे झारखंड में बारिश होगी। इससे अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आ जायेगी।
राजधानी के तापमान में यी गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार तक झारखंड के आठ शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से अधिक ही रहा। एक मई तक राज्य के 20 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से अधिक था।
राजधानी रांची का अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 2.6 डिग्री सेसि की गिरावट दर्ज की गयी है। एक मई को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेसि था, जबकि दो मई को अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेसि कम है।