पश्चिमी विक्षोभ का है असर
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। सोमवार की रात से ही कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पलामू प्रमंडल में इसका विशेष असर दिखा। पिछले 24 घंटे में झारखंड में सबसे अधिक बारिश मांडर (रांची) में हुई है। यहां 40 मिमी बारिश हुई है।
राजधानी में 12 मिमी बारिश हुई है। इसका असर 15 फरवरी तक रहने का अनुमान है। बारिश के कारण राज्य के कई जिलों का अधिकतम तापमान गिर गया है। वहीं न्यूनतम तापमान चढ़ गया है। बारिश का असर जनजीवन पर भी दिखा। खेतों में लगी सब्जियों की फसल को नुकसान हुआ है।
मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान किया है कि पूरे राज्य में बुधवार को भी गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इसको लेकर मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। 15 फरवरी को राजधानी रांची सहित कई जिलों में बारिश हो सकती है। 16 फरवरी से मौसम के साफ होने का अनुमान है।