झारखंड में शीतलहर, माइनस में पहुंचा मैक्लुस्कीगंज का पारा
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में ठंड के कहर से लोग परेशान हैं। लगभग सभी जिलों में शीतलहर का प्रकोप है। इस बीच मैक्लुस्कीगंज में ठंड ने एक बार फिर कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मैक्लुस्कीगंज के तापमान में लगातर गिरावट हो रही है।
कनकनी बढ़ रही है, लोग ठिठुर रहे हैं। गुरुवार से मौसम ने करवट ली है, लगातार तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। रांची के मैक्लुस्कीगंज में तो तापमान माइनस में जा चुका है। मैक्लुस्कीगंज के रहने वाले एंग्लो समुदाय के बॉबी गॉर्डन के घर में तापमान मापक यंत्र लगा है, शुक्रवार की सुबह लगभग 6:15 बजे उसमें न्यूनतम तापमान लगभग 2.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
वहीं नावाडीह में न्यूनतम तापमान माइनस वन (-1) डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, शनिवार से मौसम ने थोड़ी राहत दी है। राज्य में सुबह और शाम में शीतलहरी के कारण कनकनी रह रही है, जिससे लोग घरों में दुबके रहते हैं।
हालांकि, दिन में कड़ी धूप निकलने पर लोगों को राहत मिल रही है। लोग धूप के समय अपने कार्यों को जल्द निबटाने में व्यस्त दिख रहे हैं। ठंड के प्रकोप से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
खुद को स्वेटर, टोपी और मफलर से ढंक कर ही बाहर निकल रहे हैं। मालूम हो कि मैक्लुस्कीगंज में ठंड का प्रकोप पिछले तीन दिनों से बढ़ा हुआ है। ठंड से खास परेशानी बच्चे-बूढ़ों के और पशुओं को हो रही है।