फसल खेतों में पड़ी, किसानों को कैसे मिले ओटीएस का लाभ
ABN Bureau• 27 Mar, 2021
2 Views
विज्ञापन
वर्तमान में किसानों की फसल कटाई का काम चल रहा है, जबकि 50 फीसदी से अधिक किसानों की फसल अभी खेतों में खड़ी हुई है। ऐसे में अभी फसल मंडी भी नहीं पहुंच सकी है और क्रय केंद्रों पर भी एक अप्रैल से खरीद शुरू होनी है, ऐसे में नलकूप संयोजनों पर लागू की गई एक मुश्त समाधान योजना का लाभ किसानों को मिलना मुश्किल ही लग रहा है। इसके चलते अब किसान संगठनों द्वारा ऊर्जा मंत्री से किसान हित में मई के माह तक ओटीएस बढ़ाने की मांग की गई है। जनपद में वर्तमान में 5400 किसान उपभोक्ताओं द्वारा नलकूप संयोजन लेकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं और इन पर लाखों रुपये बकाया चल रहा है। एक-एक किसान पर लगभग डेढ़ से दो लाख रुपये तक का भी बकाया चल रहा है। ऐसे में बड़े बकाएदारों को सरचार्ज में छूूट देकर किसानों को राहत पहुंचाने के लिए शासन द्वारा इस बार घरेलू और किसान उपभोक्ताओं के लिए एक मुश्त समाधान योजना लागू की गई है। लेकिन यह योजना ऐसे समय तक लागू की गई है, जबकि अभी तक किसानों की फसलें खेतों में खड़ी है और बहुत से किसानों की खेतों में फसल कट रही है, लेकिन अभी तक मंडी नहीं पहुंच सकी है। अभी न तो किसान मंडी ही पहुंच पा रहा है और न ही अभी तक क्रय केंद्र ही खोले जा सके हैं। तो ऐसे में किसानों को शासन की किसान हित में लागू की गई इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ कैसे मिले। इसके लिए कई किसान संगठनों द्वारा शासन से किसान हित में उक्त योजना को किसानों की फसल मंडी व क्रय केंद्रों की खरीद होने तक यानि मई माह तक बढ़ाए जाने की मांग की है।