एबीएन सेंट्रल डेस्क। कोलकाता में बेमौसम बारिश की वजह से आस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे सेमीफाइनल मैच पर ब्रेक लग गयी थी। वहां बदले मौसम ने झारखंड पर भी असर डाला है।
मौसम केंद्र रांची के मुताबिक राज्य के पूर्वी भागों मसलन संथाल के इलाकों में कहीं-कहीं हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम में हुए बदलाव का असर राजधानी रांची में भी दिखने लगा है।
रांची के आसमान में बादलों की आंखमिचौनी चल रही है। हालांकि रांची में बारिश की संभावना नहीं है। इसकी वजह से अगले दो दिनों तक पूर्वी और मध्य भागों में धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम में हुए बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य में बना डीप डिप्रेशन है। जो आगे चलकर उत्तर-पूर्व की ओर शिफ्ट होगा और साइक्लोनिक स्टॉर्म में तब्दील हो जायेगा।
इसका सबसे ज्यादा असर बांग्लादेश पर पड़ेगा। मौसम केंद्र का मानना है कि 17 नवंबर को भी आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। 18 नवंबर से धूप की कमी पूरी हो जायेगी।
यह छठ व्रतियों के लिए सुकून देने वाली खबर है। जहां तक तापमान की बात है तो पिछले 24 घंटे में अधिकतम पारा गोड्डा में 30.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। वहीं न्यूनतम पारा 13.4 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का रहा है।