खतरे के निशान के नजदीक पहुंची खरकई नदी, अलर्ट जारी
टीम एबीएन, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। खरकई नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और खतरे के निशान के नजदीक पहुंचने के कारण डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी बीडीओ, सीओ व नगर निकायों को जरूरी एहतियातन कदम उठाने के निर्देश दिया है।
स्वर्णरेखा व खरकई नदियों के तटीय क्षेत्रों में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हो इसको लेकर सभी तटीय क्षत्रों में रहने वाले लोगों को लगातार अलर्ट रहने और नदी किनारे तरफ नहीं जाने को लेकर आगाह किया गया है। डूब क्षेत्र में नदी का पानी घुसने पर तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चिह्नित आश्रय गृह में भेजना सुनिश्चित करने को कहा है।
लाइफ सेविंग जैकेट, नाव, मेडिकल किट आदि के मुकम्मल इंतजाम के निर्देश दिए गए हैं ताकि आकस्मिक स्थिति में ऊहापोह की स्थिति नहीं रहे। कदमा, बागबेड़ा, भुइंयाडीह, कल्याणनगर, शास्त्रीनगर, मानगो, जुगसलाई आदि में नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गयी है। डीसी के आदेश के बाद नगर निकायों की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।