टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदल रहा है। धीरे-धीरे ठंड जा रही है और गर्मी दस्तक देने लगी है। फरवरी के महीने में ही लोगों को जून का अहसास होने लगा है। दोपहर में तेज धूप पसीने छुड़ाने लगी है।
राज्य में बिना बसंत ऋतु आये, गर्मी के आने और कई जिलों में सामान्य से अधिक तापमान को लेकर मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में पिछले वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी समय से पहले गर्मी ने दस्तक दे दी है। उन्होंने कहा कि ठंड राज्य से चली गयी है, राज्य के कई जिलों में पारा सामान्य से ऊपर है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी होली से पहले राज्य में लू चलने लगी थी।
अभिषेक आनंद ने कहा कि वैश्विक स्तर पर क्लाइमेट चेंज, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और पहाड़ों पर कम बर्फबारी के अलावा अलनीनो का प्रभाव और बरसात के बाद झारखंड में लंबे ड्राई स्पेल ऐसी वजहें है, जिसके कारण गर्मी समय से पहले आ गयी है।
उन्होंने कहा कि कभी संयुक्त बिहार के समय में ग्रीष्म कालीन राजधानी रांची, अब 20 वर्ष पहले वाली रांची नहीं रही है। राजधानी बनने के बाद शहर में तेजी से कंस्ट्रक्शन, प्रदूषण, जंगल की सघनता कम होने की वजह से यहां का भी तापमान बढ़ा है।