रांची। झारखंड में मानसून खत्म होने के साथ ही सर्दी का अहसास होने लगा है। राजधानी रांची में भी लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। पिछले कई दिनों से शाम के समय लोगों को ठंड महसूस होती है। हालांकि अभी तक झारखंड में कुछ खास ठंड का असर नहीं हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दीपावली और छठ पूजा के दौरान झारखंड में ठंड में थोड़ा सा इजाफा होगा।मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में दीपावली के आसपास से ठंड की शुरुआत होगी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 5 दिनों के मौसम पूर्वानुमान की जानकारी देते हुए बताया है कि आने वाले 5 दिन में झारखंड का मौसम शुष्क रहने वाला है। इस दौरान सुबह और शाम सिहरन वाली ठंड रहेगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच भी झारखंड में ठंड कम होती है। वहीं अगर बात करें 15 दिसंबर से 15 जनवरी के बीच की तो इस समय कड़ाके की ठंड का लोगों को अहसास होता है। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 1 से 15 अक्टूबर के बीच रात का तापमान बढ़ा हुआ महसूस किया गया। जबकि 15 अक्टूबर के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस की गई है, जो अब तक यथास्थिति बरकरार है। हालांकि शुरुआती ठंड में ही लोगों ने सर्दी को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। लोगों ने गर्म कपड़े खरीदने शुरू कर दिये हैं।