टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव और डीएवी हेहल में आज से शिक्षकों के लिए दो दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई। डीएवी सीएई के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत आज डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल में दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक श्री एम के सिन्हा ने इस अवसर पर कहा शिक्षक अपने अनुभव बांटें और उसे क्लास रूम तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि अच्छा शिक्षक वही है जो बच्चे में छिपी प्रतिभा को उभारने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि बच्चे का सर्वांगीण विकास शिक्षकों का लक्ष्य होना चाहिए। इस कार्यशाला में डीएवी कपिलदेव, डीएवी हेहल, डीएवी खूंटी, डीएवी सिमडेगा, डीएवी बिष्टुपुर, डीएवी भवनाथपुर, डीएवी खलारी, डीएवी गुमला, डीएवी बुंडू, डीएवी गोविन्दपुर टीसीआई और डीएवी सिल्ली के शिक्षक भाग ले रहे हैं।
हिंदी, गणित,समाज विज्ञान और संस्कृत विषय के लिए डीएवी कपिलदेव और अंग्रेजी, ईईडीपी, विज्ञान समेत अन्य विषय के लिए डीएवी हेहल में कार्यशाला का आयोजन किया गया है। मौके पर डीएवी सिल्ली , डीएवी भवनाथपुर, डीएवी गढ़वा, डीएवी गुमला, डीएवी सिमडेगा, डीएवी बिष्टुपुर के प्राचार्य मौजूद थे।