टीम एबीएन, रांची। पिछले कुछ दिनों से खिली धूप ने राजधानीवासियों व आसपास के जिलों के लोगों को ठंड से राहत दी है। दरअसल, पश्चिमी दिशा से बह रही ठंडी हवा का प्रकोप कम हो जाने के कारण राजधानी के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी है।
राज्य के उत्तरी हिस्सों में कोहरे और धुंध का असर देखने को मिलेगा। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र रांची की मानें तो अगले तीन दिनों तक रांची के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। राहत की बात यह है कि इसके बाद 19 जनवरी से तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से खिली धूप ने ठंड से लोगों को राहत दी है। नये साल में कोहरे, धुंध और आसमान में छाये आंशिक बादल ने तापमान को लुढ़का दिया था।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट की मानें तो 10 जनवरी से पश्चिमी दिशा से बह रही हवा में रुकावट से ठंड का असर थोड़ा कम हुआ है। यह स्थिति पूरे राज्य में बनी है। यही वजह है कि अगले एक सप्ताह तक पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 31 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्र के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद बताते हैं कि यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक पूरे राज्य में रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। आज राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछ हिस्सों में सुबह में धुंध के साथ आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है।
आज राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 10 डिग्री रहने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 10 डिग्री। बुधवार को भी अधिकतम 26 डिग्री जबकि न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तीनों दिन राजधानी का आसमान साफ रहेगा व मौसम शुष्क बना रहेगा।
वहीं पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान अधिकतम 30.2 डिग्री जमशेदपुर और सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री खूंटी का रिकार्ड किया गया है। वहीं राजधानी रांची की बात करें तो अधिकतम 26.6 डिग्री व न्यूनतम 12.2 डिग्री दर्ज किया गया है।