- इस सीजन का सबसे सर्द दिन रहा सोमवार
टीम एबीएन, रांची। इस सीजन का सबसे सर्द दिन सोमवार को रहा। झारखंड की राजधानी रांची से सटे कांके क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटे में करीब 1.9 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। हवा भी 2.2 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली। तापमान में गिरावट होने से कनकनी बढ़ गयी है।
अलाव बना सहारा
तापमान में गिरावट आने की वजह से लोग घरों में अलाव या हीटर का सहारा ले रहे हैं। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। सर्दी बढ़ने से सबसे अधिक परेशानी गरीबों को हो रही है। फुटपाथ पर रहने वालों का जीना मुहाल हो गया है।
ऐसे गिरा तापमान
बिरसा कृषि विवि के मुताबिक 9 जनवरी को कांके का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 8 जनवरी को कांके का अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। 7 जनवरी को अधिकतम तापमान 18.5 और न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस था। 6 जनवरी को तापमान क्रमश: 21.5 और 5.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। तापमान गिरने से कई जगह घास में बर्फ की हल्की परत देखी गयी।
पारा गिरता ही है
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि भौतिकी एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के मुताबिक यह तापमान असमान्य नहीं है। इस मौसम में तापमान में अमूमन गिरावट दर्ज की ही जाती है। आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की उम्मीद है।
शहर से कम तापमान
सामान्य तौर पर झारखंड की राजधानी रांची के शहरी इलाकों से कांके क्षेत्र का तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है। दोनों के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक का अंतर देखा जाता है।
सतर्क रहें
तापमान में आ रही कमी को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। घर से बाहर निकलने से पहले वे गर्म कपड़े जरूर पहनें। बच्चे और बूढ़ों का खासतौर पर ख्याल रखने की जरूरत है। बूढे़ सुबह में टहलने से परहेज करें। बच्चों को पूरी तरह ढंककर रखें।