टीम एबीएन, रांची। रांची में ठंड और कोहरे का सबसे ज्यादा असर विमान परिचालन पर पड़ा है। पिछले दो दिनों से रांची में कोहरे के कारण कई विमानों को कैंसिल किया गया है। बुधवार की बात करें तो रांची में 79% ह्यूमिडिटी के कारण सुबह चार विमान उड़ान नहीं भर पाये। वहीं देर शाम भी तीन विमानों को रद्द किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एयर एशिया की बंगलुरु से आने वाली एआई51621, इंडिगो की पुणे से आने वाली 6ई6484, इंडिगो की कोलकाता से आने वाली 6ई7623, इंडिगो की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 6ई5037 ने उड़ान नहीं भरा। शाम भी तीन विमानों को रद्द कर दिया गया और एक विमान को डाइवर्ट किया गया, क्योंकि विजिबिलिटी 1000 मीटर से भी कम था। विमान काफी देर तक रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के उपर हवा में चक्कर लगाते रहे लेकिंग लैंडिग की अनुमति नहीं मिली जिसके बाद उन्हें कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया।
वहीं, बुधवार को रांची एयरपोर्ट पर शाम चार बजे तक 11 विमान 6 से 7 घंटे विलंब से पहुंचे। हवाई सेवा प्रभावित होने से यात्रियों में काफी नाराजगी भी देखी गयी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया गया कि बुधवार को सबसे खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण ये फैसला लेना पड़ा। अगर ऐसा ही मौसम बना रहता है तो अगले कुछ दिनों तक विमानों का परिचालन प्रभावित होगा और इसके कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ेगा।