- देश के उत्तरी हिस्से में हो रही बर्फबारी से बढ़ सकती है कनकनी
एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के उत्तरी हिस्से में हो रही बर्फबारी और सर्द हवाओं का असर झारखंड पर भी पड़ रहा है, इस वजह से पिछले दिनों राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्से के जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार ही पिछले दिनों राज्य के उत्तरी और मध्य भाग में न्यूनतम तापमान में 04 डिग्री सेल्सियस से 06 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। वहीं इन क्षेत्रों में अगले 48 घंटों में 02 डिग्री सेल्सियस से 03 डिग्री सेल्सियस तक पारा और नीचे आने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के प्रभारी निदेशक और मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार राज्य के जिन दक्षिणी भागों में पिछले दिनों न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज नहीं की गई है वहां भी अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 04 से 06 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का पूर्वानुमान है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में झारखंड का मौसम शुष्क रहा है, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान घटने से राज्य में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टेनगंज का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस, देवघर का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस, गिरिडीह का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस, खूंटी का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस, रामगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस और सिमडेगा का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।