वन और पर्यावरण
पिपरमिंट और फलों की खेती से बदलेगी पलामू के किसानों की तकदीर : आयुक्त
ABN Bureau
•
23 Mar, 2021
•
6 मिनट में पढ़ें
11 Views
विज्ञापन
हुसैनाबाद/हरिहरगंज (पलामू)। मंगलवार को पलामू प्रमंडल के आयुक्त जटाशंकर चौधरी और जिला कृषि पदाधिकारी अरुण कुमार क्षेत्र भ्रमण में रहे, जहां उन्होंने हुसैनाबाद के दंगवार के डुमरहथा में पिपरमिंट और काला गेहूं जबकि हरिहरगंज प्रखंड के खड़कपुर पंचायत अंतर्गत लुकुवा मौजा स्थित मौर्या फल सब्जी कृषि फार्म की खेती का निरीक्षण किया। कृषि फॉर्म में लगे अमरूद, सेव, सहजन के लहलहाते पौधे को देख खुशी जताते हुए, किसान अजय कुमार मेहता को और बढ़ चढ़कर खेती करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी तरह का खेती करने में परेशानी हो तो सीधे हमसे संपर्क करें। परेशानियों का निराकरण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों को इससे प्रेरित होकर बड़े पैमाने पर अमरुद सहित अन्य फलों की खेती कर इस क्षेत्र को फलों का हब बनाने की बात कही। साथ ही कहा कि युवा किसान आगे बढ़ कर खेती कर बेरोजगारी सहित आर्थिक उपार्जन का बड़ा साधन बनाकर क्षेत्र का विकास कर सकते है। मौर्या सब्जी कृषि फॉर्म में 60 एकड़ में अमरूद व 40 एकड़ में सहजन के पौधे लगाए गए हैं। इस मौके पर प्रमोद कुमार सिंह अनुसंधान केंद्र चियाकी, बीटीएम अमित कुमार, कृषक अजय कुमार मेहता, अविनाश कुमार, देवेंद्र कुमार, अरविंद कुमार सहित कई लोग मौजूद थे। अमरूद की खेती अजय कुमार मेहता, अविनाश कुमार, अरविंद कुमार, वीरेंद्र कुमार, सत्येंद्र कुमार आदि किसान मिलकर कर रहे हैं। किसानों ने आयुक्त को बताया कि 60 एकड़ की भूमि पर 42,000 अमरूद के पौधे लगाये गयें हैं। किसानों को क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा मार्गदर्शन मिलता है। हुसैनाबाद के दंगवार के डुमरहथा में किसानों द्वारा पिपरमिन्ट व काला गेहूं की खेती के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित पिपरमिन्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बीर कुंवर सिंह कृषक सेवा सहकारी समिति लिमिटेड के कार्यक्रम में भी शिरकत की। उन्होंने किसानो का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हुसैनाबाद क्षेत्र के किसान जागरुक हैं। उन्होंने कम वर्षा में होने वाली खेती कर यह साबित कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि पिपरमिन्ट की खेती से हुसैनाबाद के किसानों की तकदीर बदलेगी। पलामू व गढ़वा में कम वर्षा होती है। उसे ध्यान में रखते हुए यहां के किसानो को कम वर्षा आधारित खेती करनी चाहिए। मौके पर क्षेत्रिय कृषि अनुसंधान केंद्र चिंयाकी के वरीय वैज्ञानिक प्रमोद सिंह ने अपने विचार व्यक्त किये। मौके पर समिति के अध्यक्ष ने आयुक्त को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मौके पर सीओ नंदकुमार राम, बीटीएम अमित कुमार, वरुण यादव, समिति के अध्यक्ष प्रियरंजन सिंह उर्फ टुन्ना सिंह, सचिव राजू विश्वकर्मा के अलावा कई किसान शामिल थे।
विज्ञापन