टीम एबीएन, रांची। झारखंड में पिछले दो दिनों से कनकनी बढ़ गई है इसके पीछे की वजह उत्तरी विक्षोभ और देश के उत्तरी भाग में बर्फबारी, बारिश और पश्चिम-उत्तर पश्चिमी हवा को बताया जा रहा है। इसके चलते झारखंड के प्रमुख शहरों का तापमान गिर गया है। इसमें सर्वाधिक ठंडा शहर डाल्टनगंज बना रहा। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरा भी पड़ने लगा है। अगले दो दिन मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं है। लेकिन 17 और 18 नवंबर को तापमान में गिरावट आ सकती है।
क्या कहते हैं मौसम विभाग के जानकार
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के एक्टिंग डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार अगले दो दिन (15 और 16 नवम्बर) को न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन या गिरावट नहीं होगा, लेकिन 17-18 नवंबर से एक बार फिर राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और राज्य में ठंड बढ़ेगी।
अगले पांच दिन राज्य में पलामू और उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार अगले पांच दिन राज्य में पलामू और उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि सुबह हल्का कोहरा पड़ने की भी संभावना है। मौसम केंद्र रांची के कार्यकारी निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि अभी तापमान में उतार चढ़ाव का दुष्प्रभाव स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। इसलिए ठंडी हवा से खुद को बचाने की जरूरत है और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।