टीम एबीएन, रांची। मानसून वापसी के दौरान राज्य के दक्षिणी हिस्सों में आने वाले चार दिनों तक हल्के बादल छाए रहेंगे। इनमें रांची समेत कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। शनिवार को राज्य के उत्तरी हिस्सों से मानसून लौट चुका है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पलामू, संताल परगना और उत्तरी छोटानागपुर के कई जिलों से मानसून की वापसी हो चुकी है। अगले दो दिनों के दौरान रांची समेत राज्य के शेष हिस्सों में मानसून लौटने की संभावना जताई गई है। बारिश से तापमान में भी गिरावट आयी है। रांची में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में दो डिग्री की कमी आयी है। 24 घंटों के दौरान देवघर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 33.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रांची का न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सबसे कम रहा। वहीं मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के उत्तरी हिस्सों से मानसून की वापसी हो चुकी है। इसके अंदरूनी और शेष हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान इसकी वापसी की संभावना है। इसके प्रभाव से रांची समेत राज्य के दक्षिणी हिस्सों पर आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई। रांची में सुबह नौ मिमी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान रांची के खलारी में सबसे अधिक 59 मिमी बारिश दर्ज की गयी।