एबीएन सोशल डेस्क। पूरे देश में गणेश चतुर्थी की धूम हैं, क्या आम और क्या खास, सभी बप्पा के प्रेम में रंगे हुए हैं। कुछ जगहों पर विघ्नहर्ता की स्थापना हो गई है तो कुछ जगहों पर स्थापना की तैयारी हो रही है। पीएम मोदी ने भी गणेश पर्व पर सबको बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया है कि गणेश चतुर्थी की ढेरों शुभकामनाएं। गणपति बप्पा मोरया! तो वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मैं भारत और विदेश में रह रहे सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।आइए, हम सब इस अवसर पर प्रार्थना करें कि भगवान गणेश की कृपा से समूचे विश्व में सद्भाव और सौहार्द का संचार रहे। आपको बता दें सुबह से मंदिरों, पंडालों में धूम देखी जा रही है। लोग सज-धजकर बप्पा का स्वागत कर रहे हैं। कहीं मंगल गीत गाए जा रहे हैं तो कहीं पर मोदक बनाने और खाने की होड़ मची हुई है।