टीम एबीएन, देवघर। बाबानगरी देवघर में 11 जुलाई की शाम काफी खास होने वाली है। 11 जुलाई सोमवार की शाम पूरा बाबाधाम 1 लाख दीयों की रोशनी से जगमगा उठेगा। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई को देवघर आने वाले हैं। देवघर दौरे के दौरान पीएम मोदी देवघर एयरपोर्ट समेत झारखंड को कई सौगातें देंगे। वहीं इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा बैद्यनाथ के दर्शन-पूजन भी करेंगे। ऐसे में पीएम मोदी के आगमन के ठीक 1 दिन पहले शाम के वक्त टावर चौक से लेकर वीर कुंवर सिंह चौक और कई गलियों में एक लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा सभी घरों में स्थानीय लोग भी अपने-अपने घर के सामने एक-एक दिया जलाएंगे। 11 जुलाई को बाबा नगरी में दीपावली जैसा नजारा देखने को मिलेगा। देवघर में 1 लाख दीये जलाने को लेकर स्थानीय कुम्हारों में भी खुशी देखने को मिल रही है। दरअसल कुम्हारों को इन दिनों लगातार दीयों के आॅर्डर मिल रहे हैं। देवघर के जसीडीह के कुम्हार बस्ती के अनिल पंडित इन दिनों दीया बनाने में जुटे हुए हैं। वह बताते हैं कि 2 साल के बाद इनके घर खुशियां वापस लौटी है। बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अभय आनंद झा के द्वारा इस दीप उत्सव की तैयारी की जा रही है और इनके द्वारा ही अनिल पंडित को 70 हजार दिए बनाने का काम दिया गया है। ऐसे में पूरा परिवार दिन-रात दीये बनाने में जुटा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जुलाई को देवघर आने वाले हैं। पीएम देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ-साथ देवघर एम्स के ढाई सौ बेड का अस्पताल का भी आॅनलाइन उद्घाटन करेंगे। इसके साथ-साथ पीएम कई अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। वहीं पीएम मोदी लोगों को संबोधित भी करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे ।