चक्रधरपुर। कहावत है कि समाज को सुधारने से पहले अपने आप को सुधारा जाये तो यह मील का पत्थर साबित होता है। यही कार्य कर रहा है देवगांव का एक युवक। यूं तो सरकार स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह मना रही है। सरकार का यह अभियान सामाजहित में जरूर है। लेकिन सरकारी अधिकारी सहित आम जनता भी इस अभियान को मात्र औपचारिकता ही समझ रहे हैं। इसे सही अमलीजामा पहना रहा है चक्रधरपुर के देवगांव (केंदो) का एक जवान धीरेंद्र प्रधान ने। इससे पूर्व भी वह पूरी नाली को साफ किया था। धीरेंद्र से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार साफ सफाई के लिए सफाई कर्मी बहाल कर रखा है। लेकिन ये लोग सभी के सभी लकीर के फकीर बने हुए हैं। यहां रहना हमें है, सरकार को नहीं। हम अपने गांव को साफ रखेंगे, तो हम सभी स्वस्थ रह सकते हैं। नालियों से निकल रहे बदबू से परेशान होकर मैंने नाली को साफ करने का मन बनाया।