एबीएन सोशल डेस्क। गर्मी बढ़ने के साथ ही नींबू की मांग में इजाफा हो गया है। मांग बढ़नी शुरू हुई तो इसके दाम भी आसमान छूने लगे। कहीं 150 तो कहीं 200 रुपये किलो का दाम चल रहा है। इसकी बिक्री करने वालों का कहना है कि कभी नींबू का इतना दाम नहीं हुआ। मुंबई के दादर सब्जी मंडी में अच्छी क्वालिटी के एक नींबू की कीमत 10 रुपये है। गर्मियों में दाम में तेजी आती थी लेकिन इतना इजाफा कभी नहीं होता था। इस समय मुंबई के बाजारों में प्रति किलो नींबू की कीमत गुणवत्ता के हिसाब से 150 से 220 रुपये तक है। हालात ये हैं कि बाजारों में अब अच्छी क्वालिटी के नींबू कम दिखाई दे रहे हैं। उत्पादन में कमी के कारण मार्केट में आवक कम हो गई है। गर्मियों में नींबू की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है। लोग गर्मी से बचने के लिए नींबू पानी खूब पीते हैं। लेकिन इस बार दाम में रिकॉर्ड तेजी ने उपभोक्ताओं के दांत खट्टे कर दिए हैं।
नींबू औषधीय गुणों से भरपूर होता है। विटामिन-सी अच्छा स्रोत होता है। गर्मियों में खासतौर पर इसकी डिमांड बढ़ जाती है। लेकिन ऐसा नहीं होता है कि दाम तीन गुना अधिक हो जाए। महाराष्ट्र, राजस्थान, एमपी, आंध्र प्रदेश, बिहार और हरियाणा में नींबू का खूब उत्पादन होता है। लेकिन इस बार बेमौसम बारिश और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी समस्याओं के कारण उत्पादन में भारी गिरावट हुई है। जिसकी वजह से कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि चूंकि उत्पादन कम है तो गर्मी में इसका दाम तेज ही रहने का अनुमान है। मुंबई के दादर मंडी में लोग नींबू के भाव सुनकर ही आश्चर्य में पड़ जा रहे हैं। सब्जियां खरीदने आए संतोष पाटिल ने कहा कि पहले 10 रुपये में तीन नींबू मिलता था और आज 10 रुपये का एक नींबू मिल रहा है। गर्मियों में नींबू बहुत जरूरी चीज है। ऐसे में कोई कैसे घर चलाएगा। पहले 70 से 80 रुपये किलो वाला नींबू तीन गुना दाम पर बिक रहा है। दूसरी और फल और सब्जियों के दाम भी इतने महंगे हो गए हैं कि खरीदने से पहले हमें सौ बार सोचना पड़ रहा है।