टीम एबीएन, दुमका। मंगलवार को महाशिवरात्रि है। इसको लेकर झारखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल बासुकीनाथ मंदिर में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शिवरात्रि के दिन मंदिर परिसर में भव्य पूजा का आयोजन किया जाएगा। लेकिन सोमवार से ही झारखंड और आसपास के राज्यों से श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे हैं। परंपरा के अनुसार मंदिर के शिखर पर स्थित पंचशूल को उतारा गया है। इस पंचशूल की विधिवत पूजा अर्चना की जाएगी और शिवरात्रि के दिन पंचशूल को फिर से मंदिर के शीर्ष पर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही शिव मंदिर और पार्वती मंदिर को गठबंधन के जरिए जोड़ा गया है। इस गठबंधन को भी खोल दिया गया है और शिवरात्रि के दिन पूजा अर्चना कर इस गठबंधन को दोबारा जोड़ा जाएगा। बा की बारात निकलेगी। गौरतलब है कि प्रतिवर्ष हाथी में बाबा की बारात निकलती थी। लेकिन इस साल कोरोना को देखते हुए पालकी में बारात निकाली जाएगी। बासुकीनाथ पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री संजय झा कहते हैं कि हमलोग काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि परंपरागत और धार्मिक नियमों का पालन करते हुए भगवान शिव और माता पार्वती की शादी होगी। बासुकीनाथ मंदिर के प्रभारी आशुतोष झा ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन के अनुसार बारात निकाली जाए गी। इसके साथ ही सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर और आसपास के इलाकों में पुख्ता साफ सफाई की गई है, ताकि आने वाले भक्तों को असुविधा नहीं हो सके।