बरवाडीह। आदिवासी समाज के उत्थान के उद्देश्य से निमित खरवार आदिवासी उत्थान समिति समाज के लोगों के विकास को लेकर लगातार संकल्पित है। जिसे लेकर समिति के पदाधिकारियों के द्वारा लगातार समाज के लोगों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है। उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई होने पर उनका समाधान किया जा रहा है। जहां समिति के लातेहार जिला सचिव अरुण सिंह खरवार ने सोमवार को बरवाडीह प्रखण्ड के अति सुदूरवर्ती व नक्सल प्रभावित क्षेत्र चुंगरु पंचायत निवासी भास्कर सिंह खरवार के आवास पर पहुंच उनसे मुलाकात की। अरुण सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि भास्कर सिंह बीटेक के छात्र है और आर्थिक रूप से असमर्थ होने कारण अपनी पढ़ाई बीच मे ही छोड़ने को विवश है। उनके पिता की मौत के बाद घर की परिस्थिति काफी दयनीय हो गयी है ऐसे में परिवार के भरण पोषण की जिम्मेवारी भी उनके ही कंधे पर है। इधर, अरुण ने घर परिवार का हाल चाल जानने के बाद परिजनों को आश्वत किया कि भास्कर की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। उनकी पढ़ाई के लिए खरवार आदिवासी उत्थान समिति हर सम्भव मदद करने को तैयार है, और पढ़ाई पूरी होने के बाद भास्कर को उनके मकाम तक पहुंचाने में भी समिति साथ देगी। वहीं मुलाकात के दौरान समिति के अहिवरण सिंह और श्याम बिहारी सिंह उपस्थित थे।