एबीएन सेंट्रल डेस्क। टेलीविजन पर मशहूर पौराणिक धारावाहिक महाभारत में भीम के किरदार को जीवंत करने वाले कलाकार प्रवीण कुमार का सोमवार रात निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने कल देर रात दिल्ली में अशोक विहार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी, पुत्री, दो भाई और एक बहन है। प्रख्यात फिल्म निर्देशक बी आर चोपड़ा के निर्देशन में महाभारत में भीम के किरदार से प्रवीण को काफी लोकप्रियता मिली थी। बाद में उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया। महाभारत में उनके साथी कलाकार रहे गजेंद्र चौहान ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि एक और दु:खद समाचार मिला। मेरा महाभारत का भाई प्रवीण कुमार जी हम सबको छोड़कर अनंत यात्रा पर चला गया। विश्वास नहीं हो रहा। पा जी, आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगे। ओम शांति. ओम शांति.. ओम शांति...