टीम एबीएन, रांची। हमारे देश में तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की वजह से कैंसर मरीजों की संख्या बहुत ज्यादा है। कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसका पूर्णरूपेण इलाज तो अभी तक मुमकिन नहीं हो पाया है। लेकिन सतर्कता से इसपर काबू पाना और बचाव संभव है। उक्त बातें दलित सेना की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष (महिला विंग) इंदिरा कुमारी ने कही। वह शुक्रवार को विश्व कैंसर दिवस के मौके पर एक सादे समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कैंसर से बचने के लिए तंबाकू उत्पादों का बिलकुल सेवन न करें। कैंसर का खतरा बढ़ाने वाले संक्रमणों से बचकर रहें। चोट लगने पर समुचित इलाज करवाएं। कैंसर के ज्यादा मामलों में फेफड़े और गालों के कैंसर देखने को मिलता है। महिलाओं में स्तन कैंसर भी काफी बढ़ गया है, जो बेहद खतरनाक और पीड़ादायक है। यदि समय पर इसके लक्षणों को पहचान कर उपचार न किया जाए तो यह जानलेवा हो जाता है। इसलिए समय पर उपचार करवायें। उन्होंने विश्व कैंसर दिवस पर लोगों से अपील की है कि तंबाकू, सिगरेट और शराब के सेवन से बचें, ताकि कैंसरमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।