एबीएन डेस्क। अगर आप भी कोई प्रीपेड मोबाइल प्लान रिचार्ज कराते वक्त ये सोचते हैं कि इस प्लान में 28 की जगह 30 दिन क्यों नहीं मिलते तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। अब आप जल्द ही 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्रीपेड प्लान से भी अपना मोबाइल रिचार्ज करा सकेंगे।
RAI ने शुक्रवार को सभी टेलीकॉम कंपनियों को मोबाइल रिचार्ज की वैलिडिटी 28 दिन की बजाय 30 दिन देने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही टेलीकॉम कंपनी को अपने प्लान में अब एक स्पेशल वाउचर, एक कॉम्बो वाउचर पूरे महीने की वैलिडिटी के साथ रखना होगा। बता दें कि टेलीकॉम कंपनियों के मौजूदा प्लान में 28 दिन की वैलिडिटी होती है, जिसकी वजह से कस्टमर्स को एक साल में 13 बार मंथली रिचार्ज कराना होता है। ट्राई के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि ग्राहकों की ओर से एक साल में कराए गए रिचार्ज की संख्या में कमी आएगी। ऐसा होने से ग्राहकों के एक महीने के एक्स्ट्रा रीचार्ज के पैसे बचेंगे। इसके साथ ही ट्राई ने ये भी कहा कि कंपनियों को कम से कम एक ऐसा प्लान वाउचर, एक स्पेशल टैरिफ वाउचर और एक ऐसा कॉम्बो वाउचर जरूर ऑफर करना चाहिए जिन्हें हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू कराया जा सके। ट्राई के इस नए बदलाव से यूज़र्स को काफी फायदा पहुंचेगा और उन्हें अपनी सहूलियत के हिसाब से सही वैलिडिटी वाले प्लान्स के ज्यादा ऑप्शन भी मिलेंगे। ट्राई ने कहा कि उसे यूजर्स से ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि उन्हें मंथली प्लान्स के लिए साल में 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता है और इससे उन्हें ठगा हुआ महसूस होता है। अब ट्राई के इस आदेश का टेलीकॉम कंपनियों ने विरोध किया है। वोडाफोन-आइडिया का कहना है कि 28 दिन, 54 दिन या 84 दिन की वैलिडिटी वाले किसी भी प्लान में बदलाव करने से बिल साइकिल में काफी गड़बड़ी आ जाएगी, इसके साथ ही कंपनी को कन्ज्यूमर अवेयरनेस और रिटेल चैनल एजुकेशन के लिए भी काफी मेहनत करनी पड़ेगी।