यह पर्व ज्ञान, प्रकाश, सत्य, प्रेम एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की देती है प्रेरणा : संजय सर्राफ
एबीएन सोशल डेस्क। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि सनातन हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है।
इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व 24 नवंबर दिन मंगलवार को मनाया जायेगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात्रि 11 बजकर 42 मिनट से प्रारंभ होकर 24 नवंबर की रात्रि 8 बजकर 23 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार 24 नवंबर को पूर्णिमा का पर्व मनाया जायेगा।
कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली, त्रिपुरारी पूर्णिमा तथा त्रिपुरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक शक्तिशाली राक्षस का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। त्रिपुरासुर ने अपनी शक्ति से तीन नगरों का निर्माण कर तीनों लोकों में आतंक फैला रखा था। देवताओं की प्रार्थना पर भगवान शिव ने उसका संहार किया।
इस विजय की खुशी में देवताओं ने स्वर्गलोक में दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया। तभी से कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। इस पर्व का भगवान विष्णु से भी गहरा संबंध है। धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। कार्तिक मास को भगवान विष्णु की आराधना के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है।
इसी दिन सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती अर्थात प्रकाश पर्व भी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा, यमुना सहित पवित्र नदियों एवं सरोवरों में स्नान करने की विशेष परंपरा है। श्रद्धालु प्रात:काल स्नान कर भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं।
दीपदान, अन्नदान, वस्त्रदान, गौसेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता करना अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। संध्या के समय घरों, मंदिरों एवं नदी के घाटों पर दीप जलाए जाते हैं। काशी की देव दीपावली विश्वविख्यात है, जहां लाखों दीपों से गंगा के घाट जगमगा उठते हैं।इस दिन तुलसी पूजन, सत्यनारायण भगवान की कथा, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का भी विशेष महत्व है।
मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा से किया गया स्नान, दान और पूजा मनुष्य के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मकता लाता है। कार्तिक पूर्णिमा का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना नहीं, बल्कि मानव जीवन में सेवा, परोपकार, सद्भावना, दया और धर्म के प्रकाश को स्थापित करना है। यह पर्व हमें अज्ञानरूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, सत्य, प्रेम एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।