Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 25
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
समाज

श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव त्याग, बलिदान और अटूट भक्ति का अनुपम पर्व : संजय सर्राफ

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव त्याग, बलिदान और अटूट भक्ति का अनुपम पर्व : संजय सर्राफ
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री संजय सर्राफ ने कहा है कि भारत की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा में श्री खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जाता है। बाबा श्याम को कलियुग में भगवान श्रीकृष्ण का अवतार तथा हारे का सहारा माना जाता है। 

उनका जन्मोत्सव प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी, जिसे देवउठनी या देवोत्थान एकादशी को मनाया जाता है। इस वर्ष 20 नवंबर को श्री श्याम जन्मोत्सव मनाया गया। इस दिन राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर सहित देशभर के श्याम मंदिरों में विशेष आयोजन होते हैं। 

मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाता है तथा लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, श्री खाटू श्याम जी महाभारत के महान योद्धा बर्बरीक थे। वे पांडव भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र थे। उनकी माता का नाम मोरवी था। बर्बरीक बचपन से ही अत्यंत पराक्रमी, वीर और धर्मनिष्ठ थे। उन्होंने अपनी माता को वचन दिया था कि वे युद्ध में सदैव हारने वाले पक्ष का साथ देंगे। 

भगवान श्रीकृष्ण जानते थे कि बर्बरीक की यह प्रतिज्ञा महाभारत युद्ध के परिणाम को अनिश्चित बना सकती है। इसलिए उन्होंने ब्राह्मण का वेश धारण कर उनकी परीक्षा ली और दान में उनका शीश मांग लिया। बर्बरीक ने सहर्ष अपना शीश भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित कर दिया। उनकी अद्वितीय भक्ति और सर्वोच्च बलिदान से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में अपने नाम से पूजे जाने का वरदान दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वे श्याम नाम से प्रसिद्ध होंगे और सच्चे मन से स्मरण करने वाले भक्तों के कष्ट दूर करेंगे। 

मान्यता है कि उनका शीश राजस्थान के खाटू धाम में प्रतिष्ठित हुआ, जिसके कारण यह स्थान श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बन गया। श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव पर भक्त निशान यात्रा निकालते हैं, भजन-कीर्तन, संकीर्तन, अखंड ज्योत, छप्पन भोग और विशेष आरती का आयोजन करते हैं। अनेक श्रद्धालु व्रत रखते हैं और बाबा के दरबार में निशान अर्पित करते हैं। 

इस अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु खाटू धाम पहुंचते हैं। यह पर्व हमें त्याग, समर्पण, वचनबद्धता, परोपकार और निष्काम भक्ति की प्रेरणा देता है। बाबा श्याम का जीवन संदेश देता है कि सच्ची श्रद्धा, निष्ठा और सेवा भाव से मनुष्य कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और मानवता का मार्ग नहीं छोड़ता। उनका प्रसिद्ध जयघोष हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा निराश और दुखी लोगों के मन में आशा एवं विश्वास का संचार करता है। 

श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश देने वाला पावन अवसर है। इस दिन हमें संकल्प लेना चाहिए कि अहंकार, द्वेष और स्वार्थ का त्याग कर जरूरतमंदों की सहायता करेंगे तथा समाज में प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देंगे। यही बाबा श्याम के प्रति सच्ची श्रद्धा और भक्ति होगी।

विज्ञापन