एबीएन सोशल डेस्क। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि सनातन हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम जी और माता तुलसी के विवाह के रूप में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है। तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जायेगा। कई स्थानों और मंदिरों में देवउठनी एकादशी अर्थात 20 नवंबर की संध्या को भी तुलसी विवाह की परंपरा है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा के बाद देवउठनी एकादशी को जागृत होते हैं। इसके अगले दिन तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है। इसी के साथ चातुर्मास का समापन और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों का शुभारंभ माना जाता है। तुलसी को हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र एवं पूजनीय माना गया है। मान्यता है कि जिस घर में तुलसी का पौधा होता है, वहां सुख, शांति, सकारात्मकता और समृद्धि का वास रहता है।
पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन काल में वृंदा नाम की एक परम पतिव्रता स्त्री थीं, जिनका विवाह असुरराज जलंधर से हुआ था। वृंदा के पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जलंधर अत्यंत शक्तिशाली हो गया था। उसके अत्याचारों से देवता परेशान हो गए और उन्होंने भगवान विष्णु से सहायता मांगी। देवताओं की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने जलंधर का रूप धारण कर वृंदा के पतिव्रत धर्म को भंग कर दिया। इससे जलंधर की शक्ति समाप्त हो गई और भगवान शिव ने उसका वध कर दिया।
जब वृंदा को भगवान विष्णु की लीला का पता चला तो उन्होंने भगवान को शिला बन जाने का श्राप दे दिया।देवताओं के आग्रह पर वृंदा ने अपना शरीर त्याग दिया। उनके त्याग और पतिव्रत धर्म से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें तुलसी के पौधे के रूप में प्रतिष्ठित होने का वरदान दिया तथा स्वयं शालिग्राम स्वरूप में उनके साथ विवाह करने का वचन दिया।
तभी से प्रत्येक वर्ष तुलसी विवाह की परंपरा चली आ रही है। इस दिन तुलसी के पौधे को लाल चुनरी, वस्त्र, आभूषण एवं फूलों से दुल्हन की तरह सजाया जाता है। गन्ने का मंडप बनाया जाता है तथा भगवान शालिग्राम को वर के रूप में स्थापित किया जाता है। विधिवत गणेश पूजन, कलश स्थापना, मंगल गीत, विवाह मंत्र, सात फेरे एवं आरती के साथ विवाह संपन्न कराया जाता है। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाता है।
तुलसी विवाह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान, नारी शक्ति, त्याग, समर्पण, पवित्रता और पारिवारिक संस्कारों का प्रतीक है। यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, पौधों के महत्व, आपसी प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश देता है। श्रद्धालु इस दिन भगवान विष्णु एवं माता तुलसी की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना करते हैं।