निराश्रित प्रभुजनों ने भी उत्साहपूर्वक की गौ सेवा
टीम एबीएन, रांची। रांची पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम परिसर में गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सान्निध्य में एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। मौके पर मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की।
गौ माता को फूल-मालाएं पहनायी गयी तथा चुनरी ओढ़ाकर तिलक लगाया गया। इसके पश्चात सामूहिक आरती की गयी और गुड़, रोटी, हरी सब्जियां, फल, मिठाइयां एवं अन्य पौष्टिक आहार खिलाकर गौ सेवा की गयी। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं भोग का वितरण भी किया गया। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौ माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मौके पर ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि गोपाष्टमी के पावन अवसर पर सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के निराश्रित प्रभुजनों ने भी गौ सेवा में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी प्रभुजनों को नये वस्त्र पहनाये गये। इस दौरान ह्यछोटी-छोटी गैया, छोटे-छोटे ग्वाल भजन की मधुर धुन पर प्रभुजन भावविभोर होकर झूम उठे और भक्ति के आनंद में सराबोर हो गये। सभी ने गौ माता की सेवा कर उनका आशीर्वाद लिया।
इसी पावन अवसर पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी का नए वस्त्रों तथा जड़ित एवं आकर्षक आभूषणों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं भक्ति का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से गौ संरक्षण, संवर्धन, सेवा और जीवों के प्रति दया एवं करुणा का संदेश दिया गया। आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौ माता की नियमित सेवा एवं निराश्रितों के प्रति प्रेम और सहयोग का संकल्प लिया।